पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबलपुर सिक्स लेन पुल के नीचे श्मशान घाट के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि गंगा नदी के रास्ते नाव से शराब लाकर टेम्पु पर लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान सबलपुर सिक्स लेन पुल के नीचे दो सीएनजी टेम्पु और एक मोटरसाइकिल पर लदी कुल 684 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गई। मौके से चंदन कुमार (28 वर्ष), निवासी सुकुमारपुर, थाना रुस्तमपुर, जिला वैशाली को गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान एक अन्य सूचना पर सिक्स लेन पुल के ऊपर भी छापेमारी की गई, जहां एक टेम्पु को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक सहित अन्य लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान उक्त टेम्पु से 360 लीटर देशी महुआ शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 1044 लीटर देशी महुआ शराब जब्त की गई है। साथ ही तीन सीएनजी टेम्पु और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में नदी थाना के कई पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
