अररिया, रंजीत ठाकुर : नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत भंगही पंचायत में पूर्व में हुई शिक्षक नियोजन प्रक्रिया को लेकर अनियमितता की आशंका जताते हुए जांच की मांग उठाई गई है। पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अजय कुमार साह ने आरोप लगाया है कि शिक्षक नियोजन के दौरान नियमों को दरकिनार कर कई अभ्यर्थियों का गलत तरीके से चयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि पंचायत नियोजन इकाई के आवेदन पंजी, आरक्षण रोस्टर, औपबंधिक मेधा सूची, अंतिम मेधा सूची, काउंसलिंग रजिस्टर एवं नियोजन से संबंधित अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की जाए तो कथित अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। उनका आरोप है कि नियोजन प्रक्रिया में योग्य अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर अयोग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिससे विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है।
श्री साह ने बताया कि वर्ष 2006 से 2015 के बीच बिहार में हुए शिक्षक नियोजन की जांच का जिम्मा पटना उच्च न्यायालय के निर्देश पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को सौंपा गया था। उनके अनुसार, राज्य में कुल 3,52,927 नियोजित शिक्षकों के फोल्डर जांच के लिए अपेक्षित थे, जिनमें से 2,84,548 फोल्डर ही निगरानी ब्यूरो को प्राप्त हुए थे, जबकि 68,379 फोल्डर उपलब्ध नहीं हो सके थे। उन्होंने दावा किया कि अररिया जिले के 4,331 नियोजित शिक्षकों के फोल्डर भी निगरानी ब्यूरो को उपलब्ध नहीं कराए गए थे।
उन्होंने दिव्यांग कोटे के तहत हुए शिक्षक नियोजन में भी अनियमितता की आशंका जताई। उनका कहना है कि कथित तौर पर गलत तरीके से निर्गत दिव्यांगता प्रमाण पत्रों के आधार पर अपात्र अभ्यर्थियों का चयन किए जाने की भी जांच होनी चाहिए।
अजय कुमार साह ने जिला पदाधिकारी अररिया एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भंगही पंचायत नियोजन इकाई के सभी अभिलेखों, नियुक्त शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, दिव्यांगता प्रमाण पत्रों और आरक्षण रोस्टर की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों एवं संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
