बिहार

छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट निर्माण की मांग, डीएम को सौंपा आवेदन

अररिया, रंजीत ठाकुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक अनुष्ठान की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से कोसी मुख्य नहर के किनारे छठ घाट निर्माण की मांग उठाई गई है। इस संबंध में बथनाहा पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि मुख्तार आलम ने सोमवार को जिलाधिकारी के जनता दरबार में आवेदन देकर आवश्यक पहल करने की गुहार लगाई।

आवेदन में उन्होंने सिंचाई प्रमंडल, वीरपुर के अंतर्गत मेन केनाल बथनाहा के फेना, भद्रेश्वर तथा मटियारी में पक्के छठ घाट निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने और छठी मैया की आराधना के लिए पहुंचते हैं। वर्षों से कोसी मुख्य नहर के बांध पर ही श्रद्धालु छठ पूजा करते आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में महामेची परियोजना के तहत कोसी मुख्य नहर में सफाई एवं पक्कीकरण का कार्य चल रहा है। ऐसे में यदि छठ घाटों के निर्माण की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले समय में हजारों व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

मुख्तार आलम ने कहा कि छठ महापर्व नजदीक है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित विभाग को अस्थायी घाटों की व्यवस्था कराने तथा भविष्य में स्थायी पक्के घाटों का निर्माण कराने का निर्देश देने की मांग की, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल में लोक आस्था के इस महापर्व का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।

Related posts

लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने गोवर्धन पूजा की दी शुभकामनाएं

भंगही पंचायत में शिक्षक नियोजन अभिलेखों की जांच की उठी मांग

फुलकाहा में SSB-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 55 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार!