अररिया, रंजीत ठाकुर : भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) बथनाहा की आई समवाय फुलकाहा और फुलकाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार की अहले सुबह संयुक्त कार्रवाई में 55 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। मौके से बजाज पल्सर 220 बाइक और एक रेडमी मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को करीब 2:40 बजे गुप्त सूचना के आधार पर SSB और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 188/03 से करीब 500 मीटर भारतीय क्षेत्र में मानिकपुर गांव के समीप विशेष नाका लगाया था। इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन टीम को देखते ही बाइक सवार भागने का प्रयास करने लगा। जवानों और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बाइक के पीछे बंधी प्लास्टिक की बोरी से 55 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान लक्ष्मीपुर गांव निवासी ओम प्रकाश यादव के 20 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। जब्त बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-07-AN-9705 है। इसके अलावा रेडमी नोट 15 5G मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
एसएसबी के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने कथित तौर पर बताया कि वह नेपाल के दीवानगंज से रंजीत दास नामक व्यक्ति से गांजा लेकर आया था। उसे गांजे की खेप नरपतगंज हाईवे पर किसी अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचानी थी। प्रारंभिक पूछताछ में युवक के गांजा तस्करी में वाहक के रूप में काम करने की बात सामने आई है।
संयुक्त अभियान में SSB की ओर से एसआई अतानु ढुलाई के नेतृत्व में टीम कमांडर एएसआई अरुण कुमार सहित तीन अन्य जवान शामिल थे। वहीं, फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य के नेतृत्व में पुलिस के तीन अन्य जवान भी अभियान में मौजूद थे। बरामद गांजे की मादक पदार्थ जांच किट से जांच की गई। जब्त गांजा, बाइक और मोबाइल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फुलकाहा थाना को सौंपने की प्रक्रिया की गई।
फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी की बाइक सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। किसी भी सूरत में अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में अररिया भेजने की तैयारी की जा रही है।
सीमावर्ती क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
