जहानाबाद, (न्यूज़ क्राइम 24) जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान की अध्यक्षता में ‘ग्राम प्लेक्स’ भवन के सभागार में जिला स्तरीय अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। साथ ही अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और सक्रिय कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए एसपी ने उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए समय-सीमा निर्धारित की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अवैध शराब की बिक्री, भंडारण तथा अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और भविष्य में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस की छवि को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करने का भी निर्देश दिया।
