रहूई, राकेश : प्रखंड स्थिति पैठना गांव में आध्यात्मिक माहौल के बीच 24 घंटे के अखंड कीर्तन का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ किया गया। गांव में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा इलाका “हरे रामा हरे कृष्णा” के जयघोष से गूंज उठा। कलश शोभायात्रा पैठना गांव से गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ निकली। श्रद्धालु धमोली डीह ब्रह्मस्थान पहुंचे, जहां विधि-विधान से गंगाजल भरा गया। इसके बाद शोभायात्रा पुनः अखंड कीर्तन स्थल पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर 24 घंटे का अखंड कीर्तन प्रारंभ किया गया। इस दौरान बेना थाना पुलिस ने पूरे कलश यात्रा के दौरान विधि व्यवस्था संधारण में मुस्तैद दिखी
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तों ने भक्ति गीत गाते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पैठना मुखिया प्रतिनिधि वीरेंद्र कुमार उर्फ पिंकू ने बताया कि क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और विकास की कामना को लेकर इस 24 घंटे के अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से सामाजिक सौहार्द और भाईचारा मजबूत होता है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने बताया कि अखंड कीर्तन के समापन के बाद हवन और पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया जाएगा। पैठना गांव में आयोजित यह भव्य धार्मिक कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
