पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं. सुबह और शाम जहां ठंड और कोहरे का असर बना हुआ है, वहीं दिन चढ़ते ही निकल रही तेज धूप लोगों को राहत दे रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. तापमान में इस बढ़ोतरी के बावजूद ठंड पूरी तरह खत्म नहीं होगी और खासकर सुबह-शाम लोगों को ठिठुरन झेलनी पड़ेगी। रविवार की सुबह पटना समेत राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा. सुबह करीब 7:30 बजे तक दृश्यता बेहद कम रही. हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा. राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर रफ्तार थमी रही और आम लोग भी सतर्क नजर आए. कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण सुबह के समय ठंड का असर पूरी तरह छाया रहा।
सुबह के बाद जैसे-जैसे धूप निकली, कोहरा धीरे-धीरे छंटने लगा. दिन भर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही. धूप निकलने के बाद ठंड से कुछ राहत मिली और बाजारों, चौक-चौराहों तथा सड़कों पर सामान्य चहल-पहल लौटती दिखी. लोग रोजमर्रा के कामों के लिए घरों से बाहर निकले और धूप का आनंद लेते नजर आए। हालांकि राहत ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई. शाम ढलते ही एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला और ठंडी हवाओं के साथ ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा. सूर्य अस्त होते ही तापमान में गिरावट महसूस की गई और लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा. रात बढ़ने के साथ ठंड और ज्यादा चुभने लगी। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा. शनिवार को पूरे बिहार में अधिकतम तापमान 22.0 से 28.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस मुजफ्फरपुर में रहा।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य का न्यूनतम तापमान 5.0 से 12.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस राजगीर में रिकॉर्ड किया गया. दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट भी दर्ज की गई। कोहरे की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है. गया जी में न्यूनतम दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर दर्ज की गई. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हो सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले सात दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अगले तीन-चार दिनों के दौरान कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है. कुल मिलाकर बिहार में फिलहाल मौसम का यही मिजाज बना रहेगा, जहां दिन में धूप राहत देगी और शाम व सुबह के समय ठंड और कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाएगा।
