पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब पटना सिटी की ओर से हाजीगंज स्थित सर्वोदय इन्फेंट अकैडमी परिसर में पोलियो जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के इंटरैक्ट क्लब के बच्चों एवं रोटरी क्लब के सदस्यों ने मानव शृंखला बनाकर समाज को पोलियो मुक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मारूफगंज के चिकित्सक डॉ. विजय एवं उनकी टीम की उपस्थिति में स्वास्थ्य केंद्र की नर्सों के सहयोग से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। मानव शृंखला के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए जागरूकता, टीकाकरण और सामूहिक प्रयास बेहद आवश्यक हैं। इस अवसर पर रोटरी क्लब पटना सिटी के अध्यक्ष रोटेरियन पंकज किशोर सिंह ने बच्चों के साथ पोलियो जागरूकता संबंधी नारे लगाए। उन्होंने कहा कि 24 अक्टूबर को मनाया जाने वाला विश्व पोलियो दिवस हमें पोलियो मुक्त विश्व के लक्ष्य को बनाए रखने की याद दिलाता है। पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पोलियो की खुराक दिलाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के टीकाकरण के प्रति सजग रहें और स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग करें। डॉ. विजय ने कहा कि पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। जब तक पोलियो का पूरी तरह उन्मूलन नहीं हो जाता, तब तक सतर्कता और टीकाकरण अभियान जारी रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
रोटेरियन अनंत अरोड़ा ने कहा कि रोटरी लंबे समय से पोलियो उन्मूलन के वैश्विक अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बच्चों और युवाओं को ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ना भविष्य में एक स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रोटेरियन अमित सिंह एवं रोटेरियन कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि पोलियो मुक्त समाज का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक परिवार टीकाकरण के महत्व को समझेगा और कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने इस अभियान में विद्यालयों, अभिभावकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में रोटेरियन अध्यक्ष पंकज किशोर सिंह,रोटेरियन अनंत अरोड़ा, रोटेरियन कृष्ण कुमार यादव, रोटेरियन अमित सिंह, रोटेरियन अंशु गौतम, रोटेरियन अमित कुमार सिंह सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सर्वोदय इन्फेंट अकैडमी की ओर से शिक्षक महेश ठाकुर, सोनू, अनीश, दीपक, पिंकी सहित अन्य शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं आम लोगों को पोलियो से बचाव, नियमित टीकाकरण और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक करना था। मानव शृंखला और पोलियो खुराक पिलाने की गतिविधि के माध्यम से सभी ने स्वस्थ, सुरक्षित और पोलियो मुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया।
