फुलवारीशरीफ, अजित। मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना के तहत राज्य की स्वास्थ्य सेवा को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव सहित कई आला अधिकारी फुलवारी शरीफ सीएचसी पहुंचे और अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया. अधिकारियों ने यहां दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया और इसे और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक विभाग का दौरा किया. रजिस्ट्रेशन काउंटर, दवा वितरण काउंटर, आपातकाल सेवा और ओटी सहित सभी विभागों में अधिकारियों ने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और समय की बचत के उपायों पर ध्यान दिया. इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि रोगी को कम समय में निबंधन और इलाज की सुविधा मिले और उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव लोकेश कुमार, ईडी अमित कुमार पांडेय, पटना के सिविल सर्जन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी निरीक्षण में शामिल रहे. उन्होंने अस्पताल प्रभारी निरज मिश्रा के साथ मंथन कर अस्पताल में सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर चर्चा की। अधिकारियों ने अल्ट्रासाउंड, जांच लैब और डिजिटल एक्सरे को आधुनिक बनाने, ओटी की संख्या बढ़ाने और विशेषज्ञ डॉक्टरों तथा सर्जन की तैनाती बढ़ाने के विकल्पों पर विचार किया. इससे मरीजों को अधिक से अधिक लाभ मिल सकेगा और स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने सीएचसी की वर्तमान स्थिति पर संतोष जताया और कहा कि अस्पताल में किए जा रहे सुधार मरीजों के लिए सुविधाजनक और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करेंगे।
