पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार में विधानसभा चुनाव का माहौल बनते ही मतदाता जागरूकता को लेकर सामाजिक स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जे. डी. वीमेंस कॉलेज, पटना में आज “बिहार में चुनाव का फिर लहर उठलबां” शीर्षक गीत, पोस्टर और पेंटिंग प्रदर्शनी के माध्यम से एक विशेष मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन डॉ. शांता झा के सहयोग से मोनित राज द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्वरचित पोस्टर और पेंटिंग के माध्यम से मतदान के महत्व को रेखांकित किया। वहीं “बिहार में चुनाव का फिर लहर उठलबां” गीत ने कार्यक्रम में जनचेतना का नया संदेश दिया।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मीरा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सशक्तता में युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर मतदाता को अपने मत का प्रयोग सही उम्मीदवार के चयन के लिए अवश्य करना चाहिए। इस अवसर पर डॉ. शांता झा ने भी छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक किया और कहा कि एक-एक वोट लोकतंत्र की दिशा तय करता है। कार्यक्रम में शेलु कुमारी, पल्लवी कुमारी, प्रिया कुमारी, सिम्पल कुमारी, अश्विनी कुमारी, धानी सिंह, स्रिया राजहंस तथा डॉ. रेखा मिश्रा ने सही उम्मीदवार चुनने और मतदान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन वोटिंग के महत्व पर सामूहिक चर्चा और गीत प्रस्तुति के साथ हुआ।
