फुलवारीशरीफ, अजित। एकमात्र एम्स पटना के पास गंदे जल का जमाव और अवैध पार्किंग की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है. लाखों मरीजों का प्रतिदिन यहां आना–जाना होता है, लेकिन अवैध तरीके से खड़ी गाड़ियों और गंदगी के कारण मरीजों व उनके परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इसी बीच हारून नगर वार्ड–9 में आवारा कुत्तों का आतंक भी बढ़ गया है. झुंड बनाकर घूम रहे कुत्तों से मोहल्ले के बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. वहीं, अल्बा कॉलोनी में बुडको की लापरवाही के कारण नाले में कचरे का जमावड़ा लग गया, जिससे जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
इन समस्याओं को लेकर विधायक गोपाल रविदास ने गंभीर चिंता जताई और मामले को प्रशासन के संज्ञान में लाया. उन्होंने एसपी (यातायात), पटना नगर निगम और नगर परिषद फुलवारी शरीफ के कार्यपालक पदाधिकारी से हस्तक्षेप कर अविलंब कार्रवाई की मांग की. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
उधर, फुलवारी शरीफ के कई अन्य इलाकों – ईसापुर, पटना खगौल फुलवारी एम्स मेंन रोड, नया टोला और खगौल रोड – में भी आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है. राहगीरों का कहना है कि सड़क किनारे और पार्कों में दर्जनों कुत्ते झुंड बनाकर बैठे रहते हैं और अचानक हमला कर देते हैं. कई लोग कुत्तों से बचने की कोशिश में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। कुत्तों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि लोग अंधेरा होते ही घर से निकलने से कतराने लगे हैं. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि इन समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
