फुलवारीशरीफ, अजीत। इस्लामी कैलेंडर के पहले महीने मुहर्रम की दसवीं तारीख यानी यौम-ए-आशुरा रविवार को फुलवारी शरीफ में पूरे जोश और श्रद्धा के साथ मनाया गया. या अली और या हुसैन के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा. अकीदतमंदों ने ताजिया और सिपहर के साथ मुहर्रम की परंपरा को पूरे अदब और एहतराम के साथ निभाया।
जगह-जगह से ताजिया जुलूस, सिपहर और निशान (झंडा) के साथ लोगों की टोलियां निकलीं. कोई या अली कहता दिखा, तो कोई या हुसैन की सदाओं में डूबा नजर आया. कई अकीदतमंद मरसिया और नौहे पढ़ते हुए जुलूस में शामिल हुए।
समनपुरा के प्रसिद्ध अखाड़े का इंतजार लोगों को पूरे दिन रहा. शाम होते ही वहां जनसैलाब उमड़ पड़ा. घरों की छतें, बालकनी और गलियों में सैकड़ों लोग जमा हो गए. सबसे अधिक भीड़ इसी अखाड़े में शामिल रहता है. समनपुरा का अखाड़ा शांतिपूर्ण ढंग से जगदेव पथ मार्ग होते हुए टमटम पड़ाव पहुंचा, जहां शानदार जंगी करतब दिखाया गया।
इसके बाद समनपुरा का जुलूस चुनौती कुआं, शहीद भगत सिंह चौक, नया टोला होते हुए करबला मैदान पहुंचा, जहां परंपरागत पहलाम की रस्म अदायगी की गई. इस दौरान जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली और मुहर्रम का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
फुलवारी शरीफ के खानकाह, नया टोला, संगी मस्जिद, मंसूर मोहल्ला, बौली, पहाड़पुर, दमरिया, चितकोहरा, सब्ज़पुरा, मखदूम रास्ती सहित कई इलाकों से रंग-बिरंगे झंडों के साथ ताजिया व सिपहर का जुलूस निकाला गया।
कई अखाड़ों में युवाओं ने लाठी, भाला, तलवार व अन्य पारंपरिक हथियारों से शानदार जंगी कला का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने करतबों की जमकर सराहना की. यौम-ए-आशुरा के मौके पर अकीदतमंदों ने रोजा रखा, कलाम-ए-पाक की तिलावत की, नफील नमाज़ अदा की और गरीबों को खाना बांट कर इंसानियत और सेवा का पैगाम दिया।
इस मौके पर जिला प्रशासन और नगर परिषद की ओर से टमटम पड़ाव, मस्जिद चौराहा और करबला के पास अस्थायी टेंट लगाए गए, जहां से पुलिस प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार अखाड़ों व जुलूस की निगरानी करते रहे।
पूरे आयोजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आला अधिकारियों के साथ रैपिड एक्शन फ़ोर्स के जवान और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. सीसीटीवी, ड्रोन और पैदल गश्ती के जरिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
मोहर्रम के अवसर पर फुलवारी शरीफ थाना गोलंबर के पास हुसैनी कमेटी की ओर से खिचड़ा और शरबत-पानी की सेवा की गई, मो सोनू ने बताया क़ी ईससे राहगीरों और ताजिया में शामिल अकीदतमंदों को राहत मिली.हुसैनी कमेटी की ओर से रेखा मैडम, पूजा मैडम, नीतू मैडम, मुस्कान मैडम, अखिलेश यादव, अमित कुमार, अब्बास नूरी सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने तन-मन से सेवा में भाग लिया।
