फुलवारीशरीफ, अजित। शहीद रामानंद-रामगोविंद सिंह +2 उच्च विद्यालय की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण की शिकायत पर बुधवार को स्थानीय विधायक गोपाल रविदास स्वयं स्कूल परिसर पहुंचे. विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उन्हें अवगत कराया कि कुछ दबंग एवं भूमाफिया तत्वों द्वारा विद्यालय की जमीन पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है।
शिकायत मिलते ही विधायक ने तत्काल फुलवारीशरीफ के अंचलाधिकारी, डीएसपी एवं थानाध्यक्ष से संपर्क कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया और अतिक्रमण को तुरंत हटाने की मांग की.उन्होंने चेतावनी दी कि शैक्षणिक संस्थानों की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मौके पर विधायक के साथ राजद नेता पप्पू चंद्रवंशी, उपेंद्र कुमार, विजय यादव सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे. सभी ने एकजुट होकर इस अतिक्रमण के खिलाफ आवाज़ बुलंद की और कहा कि सरकारी स्कूलों की जमीनें शिक्षा के लिए सुरक्षित रहनी चाहिए, न कि निजी स्वार्थ के लिए हड़पी जाएं। स्थानीय लोगों ने भी विधायक की इस तत्परता की सराहना की और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
