पटना, अजीत : (अनीसाबाद, वार्ड नंबर 10) – पुलिस कॉलोनी पार्क के पास नगर निगम की जलापूर्ति पाइप लाइन एक बार फिर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे इलाके के लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आज सुबह से ही पूरे रास्ते में पानी बह रहा है, जिससे न सिर्फ जल आपूर्ति बाधित हुई है बल्कि सड़क पर जलभराव की स्थिति भी बन गई है।
महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही परेशानी
इस जलभराव की वजह से महिलाओं को कपड़े ऊपर उठाकर सड़क पार करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। बुजुर्गों और बच्चों को भी काफी दिक्कतें हो रही हैं। कई बार बच्चे और बुजुर्ग पानी से भरे गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
बार-बार टूट रही पाइपलाइन
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह समस्या लगातार बनी हुई है। इसी महीने में पांचवीं बार जलापूर्ति पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे पहले भी कई बार मोटर पंप जलकर खराब हो चुका है, जिससे जल संकट गहराता जा रहा है।
जल संकट से हाहाकार
पानी की सप्लाई बाधित होने के कारण कॉलोनी के लोगों को पीने और अन्य जरूरी कामों के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों में इस समस्या को लेकर गहरी नाराजगी है।
प्रशासन से समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे
