पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जन सुराज के संस्थापक और पदयात्रा अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मधेपुरा में जारी पदयात्रा के दौरान तेज बारिश में भी हजारों लोग प्रशांत किशोर को सुनने-मिलने के लिए आते रहे । इसी बीच एक आम सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं आपका मेरे प्रति यह प्यार का कर्ज कभी नहीं चुका पाऊंगा। आप जो आज बारिश में भीग रहे हैं, उसे विकास में बदलकर आने वाले 2 बरस में आपकी गरीबी को समाप्त कर दिया जाएगा। आप प्रशांत किशोर पर भरोसा रखें आपका आज बारिश में इस तरह से भीगना बेकार नहीं जाएगा। जन सुराज की सरकार बनने के बाद, आप देखेंगे कि आपके बच्चे, जो रोजगार के लिए बाहर गए हैं
उन्हें वापस लाकर इसी बिहार में नौकरी दी जाएगी। मैं आपसे वोट नहीं मांगने आया हूं, बस यह समझाने आया हूं कि इस बार अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट कीजिएगा। उन्होंने कहा कि आप अब तक जात और धर्म के नाम पर वोट देते रहे हैं। अब समय आ गया है कि अपने लिए, अपने बच्चों के लिए और गरीबी से परेशान अपने बिहार के विकास के लिए वोट करिए। तभी जाकर गरीबी से बिहार को बाहर निकाला जा सकेगा। उक्त जानकारी आज़ यहां जारी एक विज्ञप्ति में जन सुराज के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि जनता का समर्थन और प्यार प्रशांत किशोर जी को जो मिल रहा है उससे सभी राजनीतिक पार्टियों की पेशानियों पर बल आ गये है।
