फुलवारी शरीफ, अजित : राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा के 4 जून को देश भर में नरेंद्र मोदी का सफाई होने जा रहा है और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी बोलते हैं कि वह ऊपर से अवतार है, अवतार है तो अवतार रहे उन्हे चार जून को रिजल्ट के बाद पता चल जाएगा.देश में हमारी सरकार बनेगी.लालू प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन हंड्रेड परसेंट सीटें ला रही है. पूरे देश में इंडिया गठबंधन की लहर है.देश में लोकसभा चुनाव के छह चरण की वोटिंग संपन्न होने के बाद अब सातवें चरण की वोटिंग होने वाली है. बिहार की कुल 8 लोकसभा सीटों पर 1 जून को मतदान होगा हालांकि इससे पहले आरजेडी चीफ लालू प्रसाद ने बड़ा दावा कर दिया है.
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद मंगलवार को फुलवारी शरीफ में थे और अपने बड़ी बेटी मिसा भारती के लिए रोड शो व जनसंपर्क कर रहे थे.लालू प्रसाद ने कहा है कि देश में देश में चार जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है, नरेंद्र मोदी का सफाया हो गया है.पत्रकारों को संबोधित करते हुए लालू प्रसाद ने कहा कि जिस तरह से मूल्क के हालात बनाये जा रहे हैं, इसके लिए हम सभी को एकजुट होकर और सजग होकर वोट करना होगा. साथ ही संविधान तथा आरक्षण को बचाने की लड़ाई में सभी की एकता जरूरी है.बाबा साहेब डा भीमराव अंबेडकर के संविधान की व्यवस्था और आरक्षण व्यवस्था पर जिस तरह से भाजपा आरएसएस के लोग चोट करना चाहते हैं
उसके खिलाफ सभी को एकजुट होकर मुकाबला करना होगा. वोट से चोट करके इन लोगों को बताना होगा कि देश में सभी लोग एकजुट है और पूरी एकता के साथ मुल्क को मजबूती से आगे बढ़ाना चाहते हैं. इन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार में इंडिया गठबंधन की 100% जीत होगी और केंद्र में सत्ता परिवर्तन होगा क्योंकि सभी लोग काम करने वाली सरकार चाहते हैं, और 17 महीने में जो काम महागठबंधन सरकार ने तेजस्वी के नेतृत्व में किया है उससे सभी लोग खुश हैं.
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद मंगलवार को फुलवारी शरीफ पहुंचे जहां उन्होंने इमारत शरिया और खानकाह जाकर मुस्लिम विद्वानों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया. बिहार झारखंड बंगाल उड़ीसा के मुसलमान की सबसे बड़ी एदारा इमारत ए शरिया में नाजिम मौलाना शिबली अल कासमी ने उनका खैर मकदम किया.इमारत शरिया बिहार की राजनीति मे अहम मुकाम रखता है और साथ ही पूरे देश में इसका एक विशेष वर्ग अल्पसंख्यक समुदाय में बड़ा संदेश देने का काम करती है. इमारत शरिया पहुंच कर लालू प्रसाद ने अपनी बेटी मिसा भारती के लिए मुस्लिम मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का बड़ा संदेश दिया है.इस मौके पर ईमारत ए शरिया के कई ओहदेदार जिनमें प्रमुख रूप से काजी मौलाना मो अंजार कासमी, मुफ्ती सईददुर रहमान कासमी, मुफ्ती मोहम्मद सनाउल होदा, मुफ्ती सोहराब नदवी साहब सहित सैकड़ो की संख्या में लोग यहां उपस्थित थे.
वही खानकाह मुजीबिया पहुंचने पर प्रबंधक मौलाना मिनहाजुद्दीन कादरी मुजीबी ने उन्हें टोपी पहनाकर इस्तकबाल किया और पीर साहब के हुजरे में ले गए.जहां मौलाना ने इनको बेहतर सेहत के साथ मुल्क की एकता और सलामती के लिए मजबूती से काम करने की दुआ दी. वहीं इन्हें अपनी तरफ से इत्र देकर इनका ईस्तकबाल किया.राजद प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने खानकाह के पीर साहब से मुलाकात की. माना यह जा रहा है कि लालू प्रसाद अपनी बेटी मीसा भारती के पाटलिपुत्र लोकसभा से चुनाव जीतने के लिए पीर साहब का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे. लालू प्रसाद के साथ पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी पूर्व मंत्री श्याम रजक और पूर्व विधायक अबू दोजाना साथ थे.लगभग 10 मिनट तक खानकाह में रुकने के बाद उन्होंने खानकाह के सभी लोगों से मुलाकात की और फिर लालू प्रसाद वहां से गाड़ी में बैठकर रोड शो में निकल पड़े.
