अररिया, रंजीत ठाकुर। विद्या मंदिर की प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से बजट पारित, विद्या भारती विद्यालय सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर, कटहरा, फारबिसगंज में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें आगामी सत्र 2024-25 के लिए बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष रामप्रकाश प्रसाद ने की। बैठक के मुख्य अतिथि प्रांतीय प्रतिनिधि श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार मिश्र ने बजट बैठक के दौरान सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के कोषाध्यक्ष अशोक कुमार पाण्डेय के द्वारा विद्यालय का बजट पारित कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय समिति की बैठक में प्रबंधकारिणी समिति के कोषाध्यक्ष अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि आगामी सत्र में भव्य भवन निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। विद्यालय के लिए नई बस क्रय किया जाएगा। परिसर का स्थाई विस्तृत स्वरूप प्रदान किया जायेगा। अध्यक्षीय आशीर्वचन विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष द्वारा किया गया।
धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव शिवनारायण दास “भानु” के द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सह सचिव कर्नल दास , सदस्या ममता देवी, प्रधानाचार्य आलोक कुमार शर्मा , आचार्य प्रतिनिधि और मीडिया प्रभारी अजय कुमार राय, अरविंद कुमार दास , कार्यालय प्रमुख विनोद कुमार राय, आचार्या रिया कुमारी आदि उपस्थित रहे।
