पटना, (न्यूज क्राइम 24) राजद महागठबंधन की ओर से कल पटना में आयोजित ‘जन विश्वास महारैली’ में शामिल होने के लिए लोगों के आने का सिलसिला आज सबेरे से हीं शुरू हो गया है। अबतक लाखों की संख्या में लोग पटना पहुंच चुके हैं। इन्हें ठहरने और भोजन के लिए पटना वेटनरी मैदान, वासजनार्दन घाट दीघा, मिनिस्टर इनक्लेव गर्दनीबाग, एमएलसी आवास आर ब्लॉक के साथ हीं कई विवाह भवन, सामुदायिक भवन एवं विधायकों के आवास पर व्यवस्था की गई है। ठहरने के स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। महिलाओं के लिए विशेष रूप से पार्टी के राज्य कार्यालय में व्यवस्था की गई है जहां बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच चुकी है। सभी शिविरों की व्यवस्था में पार्टी के वरिष्ठ साथीयों की टीम लगी हुई है।
पटना के विभिन्न जगहों पर स्वागत शिविर लगाया गया है। पार्टी के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की ओर से इनकम टैक्स गोलम्बर पर लगाए गए शिविर का उद्घाटन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ भी उपस्थित थे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद जी , पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी जी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव जी ने देर रात्रि तक विभिन्न शिविरों सहित रैली स्थल गांधी मैदान का निरीक्षण कर तैयारी एवं व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह , राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, भोला यादव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह,प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह एवं डॉ तनवीर हसन , प्रदेश के प्रधान महासचिव रणविजय साहू , प्रदेश कोषाध्यक्ष मो कामरान कल की तैयारी की लगातार समीक्षा कर पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे। रैली में शामिल आए लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ख्याल रखा गया ह।
राजद प्रवक्ता ने बताया कि कल की महारैली में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद जी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव जी के साथ हीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे,सीपीआई माले के दीपांकर भट्टाचार्य, सीपीएम नेता सीताराम येचुरी, सीपीआई नेता डी राजा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सहित अन्य नेता सम्बोधित करेंगे।राजद प्रवक्ता ने बताया कि कल की रैली गांधी मैदान में हुए अबतक के सभी रैलियों से बड़ी होगी और पुरे पटना से जनता जनार्दन की हूंकार सुनाई देगी।
