पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बुधवार को प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में 13वां प्रतिभा सम्मान समारोह राजधानी के बीरचंद पटेल पथ स्थित रविंद्र भवन के ऐतिहासिक सभागार में भव्य रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी श्री कृष्णा अल्लावरू, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री दिवेश सेहरा, चर्चित आईपीएस एवं आईजी श्री विकास वैभव, सीएलपी लीडर डॉ. शकील अहमद खान, सेंट माइकल हाई स्कूल के प्राचार्य फादर क्रिस्टू, पूर्णिया की मेयर श्रीमती विभा कुमारी, आईआईटी पटना के प्रोफेसर डॉ. महेंद्र राम एवं एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शमायल अहमद द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शमायल अहमद ने बुके, शॉल, स्मृति चिन्ह एवं माला भेंट कर किया।
इस समारोह में सेंट माइकल हाई स्कूल के छात्र अभ्युदय आनंद एवं माउंट कार्मल हाई स्कूल की छात्रा मनतशा ज़िया को ग्यारह-ग्यारह हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि, प्रमाण पत्र, मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सीबीएसई, आईसीएसई एवं बिहार बोर्ड के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल 4000 मेधावी छात्रों को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री कृष्णा अल्लावरू ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “बड़े सपने देखने चाहिए, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण जरूरी है। निजी विद्यालयों में दी जाने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।” उन्होंने एसोसिएशन एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष शमायल अहमद की सराहना करते हुए उन्हें देश के भविष्य निर्माण में अहम योगदान देने वाला बताया।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री दिवेश सेहरा ने छात्रों को उनकी सफलता पर बधाई दी और अभिभावकों व शिक्षकों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
वहीं, आईजी श्री विकास वैभव ने छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन की चुनौतियों के लिए भी तैयार रहने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शमायल अहमद ने कहा कि, “एसोसिएशन पिछले 14 वर्षों से मेधावी छात्रों को सम्मानित करता आ रहा है और अब तक 1.5 लाख से अधिक छात्रों को सम्मानित कर चुका है, जो एक रिकॉर्ड है।”
CLP लीडर डॉ. शकील अहमद खान ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारण के प्रति सजग रहने की सलाह दी ताकि भविष्य में कोई पछतावा न हो। फादर क्रिस्टू ने कहा कि “छात्रों के कठिन परिश्रम की सराहना से उनका आत्मबल बढ़ता है, जिससे वे और बेहतर करने को प्रेरित होते हैं।”
इस अवसर पर एसोसिएशन की महासचिव डॉ. नीना कुमार, राणा राहुल सिंह, स्मृति रावत, डॉ. विकास कुमार सिंह, संयुक्त सचिव इफत रहमान, अबू बकर आब्दी, कैसर इमाम, राजेश कुमार झा, आशीष कुमार, टीम एक्सीलेंट के निदेशक अल्बर्ट नेवेल, डीपीएस बसंतपुर के निदेशक एजाज़ अहमद सिद्दीकी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूर्णिया के समाजसेवी जितेन्द्र कुमार यादव भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।
पटना सहित बिहार के विभिन्न जिलों के 200 से अधिक स्कूलों के छात्रों ने कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्य रूप से सेंट माइकल हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स, नोट्रे डेम अकादमी, माउंट कार्मल, डॉन बॉस्को, स्कॉलर्स अबोर्ड, मानवा भारती, सेंट्रल पब्लिक स्कूल छपरा, एसएन मेमोरियल भोजपुर, सर्वोदय इंटरनेशनल, न्यू एरा, सेंट केरेंट्स, द त्रिभुवन, जीडी गोएंका, इंटरनेशनल स्कूल, किड्स इंटरनेशनल, राजेंद्र पब्लिक, होली विजन, हिमालयन पब्लिक, डॉन बोस्को दरभंगा और डीपीएस बसंतपुर जैसे प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्र शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएशन की राष्ट्रीय सचिव फौजिया खान ने किया।
