बिहार

30 दिवसीय मशरूम, ब्यूटीशियन व सिलाई प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षुओं को मिला प्रमाण-पत्र

अररिया, रंजीत ठाकुर। 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बथनाहा द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों के बेरोजगार युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित 30 दिवसीय कृषि मशरूम, ब्यूटीशियन एवं सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम जीवंत गांव भवानीपुर, डुमरबन्ना, बेला एवं ग्वारपुछरी में आयोजित किया गया था।

समापन समारोह का आयोजन 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा के द्वितीय कमान अधिकारी (कमांडिंग अधिकारी) नितिन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उप कमांडेंट रविकांत चौधरी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का नियमित अभ्यास करें और इसे स्वरोजगार का माध्यम बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करें। उन्होंने प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया।

कार्यक्रम के अंत में सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में सहायक कमांडेंट राणा कुमार (‘आई’ समवाय प्रभारी), सहायक कमांडेंट आशीष गुप्ता (‘एच’ समवाय प्रभारी), 17 अन्य एसएसबी जवान तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सहायक कमांडेंट राणा कुमार ने कहा कि “सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना सशस्त्र सीमा बल की प्राथमिकता है। ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। भविष्य में भी एसएसबी समाजहित में इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी। समारोह के दौरान सीमावर्ती ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Related posts

नवाबगंज पंचायत में आम सभा, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

ग्रामीणों की भागीदारी से तैयार की गई पंचायत विकास की रूपरेखा

पटना जिले के सभी थानों में Child Help Desk और Child Corner स्थापित

error: