अररिया, रंजीत ठाकुर। 56वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल बथनाहा द्वारा सीमावर्ती गांव में नियमित रूप से कौशल विकास प्रशिक्षण चलाया जा रहा है । इसी कड़ी में आज बुधवार दिनांक 03.01.2023 को 56वीं वाहिनी द्वारा मध्य विद्यालय बेला में सीमावर्ती ग्रामीण किसानों के लिए 15 दिवसीय निःशुल्क मशरूम फार्मिंग कोर्स का शुभारंभ कराया गया। यह कोर्स मध्य विद्यालय बेला में उषा बुटीक फारबिसगंज द्वारा चलाया जाएगा, जिससे कि सीमावर्ती ग्रामीण किसान सुविधाजनक तरीके से अपने गांव में ही रहकर कोर्स को संपन्न कर सके ।
मौके पर उपस्थित समस्त प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए 56वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट कस्तूरी लाल ने कहा कि सेवा, सुरक्षा व बंधुत्व के मूल ध्येय वाक्य के साथ सशस्त्र सीमा बल आप सभी के सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण को शुभारंभ करने का मूल उद्देश्य है कि आप सभी आत्मनिर्भर बनें और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें। प्राकृतिक खाद्य के उपयोग पर ज्यादा से ज्यादा बल देते हुए उन्होंने कहा कि आजकल बहुत सारी रासायनिक कीटनाशक और रासायनिक खाद के उपयोग के कारण उससे उपजी हुई फसल हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही हानिकारक होता है।
इसलिए आप सभी ज्यादा से ज्यादा प्राकृतिक खाद्य का प्रयोग करें और उसे उपजाए हुए खाद्य सामग्री को ग्रहण करें जो कि हम सभी के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। मैं यहां उपस्थित प्रशिक्षुओं को कोर्स के शुभारंभ पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि आप सभी नियमित रूप से कोर्स को पूर्ण करेंगे एवं एसएसबी द्वारा कराए जा रहे इस कौशल विकास प्रशिक्षण को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे देश के किसान जब आत्मनिर्भर होंगे तब हमारे देश का सर्वांगीण विकास संभव हो पाएगा ।
उन्होंने कहा कि आप सभी सशस्त्र सीमा बल द्वारा चलाए जा रहे नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण, निशुल्क मानव चिकित्सा शिविर एवं निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर व समय-समय पर एसएसबी द्वारा लगाए जा रहे फ्री मेडिकल चेकअप ओपीडी में शामिल हों और इसका लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में परीक्षा पर चर्चा विषय पर विशेष जोर देते हुए उपस्थित समस्त अभिभावकों से उन्होंने कहा कि क्लास VI, VII और VIII के बच्चों को ज्यादा से इस कार्यक्रम में ऑनलाइन शामिल करें और उससे लाभान्वित हों।
कार्यक्रम में उषा बुटीक स्कूल फारबिसगंज की मैनेजर श्रीमती सविता ठाकुर द्वारा आगामी 15 दिवसीय मशरूम फार्मिंग कोर्स के पाठ्यक्रम के बारे में उपस्थित समस्त किसानों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती पिंकी कुमारी यादव प्राचार्या, मध्य विद्यालय, बेला एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा एसएसबी द्वारा संचालित इस कार्यक्रम की काफी सराहना की गई। इस कार्यक्रम में युवाओं को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में ज्वाइन करने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में 56वीं वहिनी इ कंपनी प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द कुमार, सहायक उप निरीक्षक सुभाष लामा, उषा बूटीक की प्रशिक्षिका प्रियंका कुमारी, स्थानीय किसान, ग्रामीण,एसएसबी के कार्मिक उपस्थित थे।
