पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) यात्रियों की सुविधा, सेवा उत्कृष्टता और बेहतर हवाई अड्डा अनुभव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (भाविप्रा) के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना में 17 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ‘यात्री सेवा अभियान-2026’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान टर्मिनल परिसर में यात्रियों की सहायता, संवाद, स्वास्थ्य एवं कल्याण, सहभागिता और स्थानीय संस्कृति को केंद्र में रखते हुए विभिन्न यात्री-केंद्रित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत प्रस्थान एवं आगमन क्षेत्र में प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी पॉइंट स्थापित किए जाएंगे। आगमन करने वाले यात्रियों का तिलक लगाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत भी किया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रवेश से बोर्डिंग तक यात्री सहायता एवं सेवा डेस्क की व्यवस्था रहेगी। इसमें पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, सीमित गतिशीलता वाले यात्रियों (पीआरएम) और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा ‘एक प्रश्न-एक परिवर्तन’ पहल, फीडबैक वॉल और क्यूआर फीडबैक के माध्यम से यात्रियों से उपयोगी सुझाव लिए जाएंगे। बच्चों के लिए पेटिंग, ड्रॉइंग, कलरिंग और गेम्स जैसी गतिविधियों के साथ एविएशन क्विज एवं 60 सेकंड चैलेंज भी आयोजित किए जाएंगे। आगमन क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर लगाया जाएगा, जहां रक्तचाप, रक्त शर्करा और बीएमआई जैसी बुनियादी स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में कैरम, शतरंज और ब्रेन गेम्स जैसी गतिविधियों के लिए यात्री सहभागिता एवं विश्राम क्षेत्र भी बनाया जाएगा।
अभियान के दौरान स्थानीय लोक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्थानीय हस्तशिल्प, ओडीओपी उत्पादों तथा खान-पान एवं रिटेल सुविधाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इच्छुक यात्रियों को पौधों का वितरण करने के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया जाएगा। हवाई अड्डे की सुविधाओं, यात्री उपयोगी सूचनाओं और अभियान की गतिविधियों को डिजिटल एवं विजुअल माध्यमों से भी प्रदर्शित किया जाएगा। इस अवसर पर हवाई अड्डा निदेशक, जेपीएनआई हवाई अड्डा, पटना ने कहा कि ‘यात्री सेवा अभियान’ यात्रियों को हवाई अड्डा सेवाओं के केंद्र में रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सहायता, स्वास्थ्य, सहभागिता, फीडबैक और सांस्कृतिक अनुभव पर केंद्रित इन पहलों का उद्देश्य यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार बनाना है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने यात्रियों, हितधारकों और हवाई अड्डा समुदाय से अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी की उम्मीद जताई है।
