बिहार

27 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, पासवान चौक से पुलिस ने दबोचा

फुलवारीशरीफ, अजीत। गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27 किलो अवैध गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 1,450 रुपये नकद, तीन स्मार्ट फोन, सोने जैसा एक लॉकेट और चांदी जैसा एक ब्रेसलेट बरामद किया है. बरामद गांजे की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के ठुथी गांव निवासी चंदन कुमार मेहता (21), पिता महेंद्र मेहता, पवन कुमार (26), पिता श्रीराम मेहता और अजीत कुमार मेहता (20), पिता उमेश मेहता के रूप में हुई है।

नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पटना के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी. टीम में गोपालपुर थाना पुलिस के साथ आसूचना संकलन इकाई नगर पूर्वी के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।

पुलिस टीम को बुधवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि सम्पतचक स्थित पासवान चौक के पास संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पासवान चौक के पास छापेमारी की. इस दौरान तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद हुआ. इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार बरामद सामान में 27 किलो गांजा, 1,450 रुपये नकद, तीन स्मार्ट फोन, सोने जैसा एक लॉकेट और चांदी जैसा एक ब्रेसलेट शामिल है. बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में गोपालपुर थाना कांड संख्या 464/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पटना सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 रंजन कुमार ने बताया कि गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. इसी क्रम में पुलिस टीम ने कार्रवाई कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गांजा नेपाल या आसपास के किसी इलाके से लाकर पटना और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था या नहीं।

Related posts

महिला बाइक राइडर को टक्कर मारकर फरार होने के मामले में अब नया मोड़ लिया

सोने की हॉलमार्किंग फीस में 66.67% वृद्धि उद्योग पर अनुचित बोझ : AIJGF

पटना विमेंस कॉलेज में ‘ई-वेस्ट की चुनौतियों एवं समस्याओं’ पर अतिथि व्याख्यान, ई-वेस्ट का किया गया संग्रहण

error: