बिहार

महिला ने दिखाई बहादुरी : लॉकेट छीनकर भाग रहे बदमाश को दौड़ाकर पकड़ा, लोगों ने किया पुलिस के हवाले

फुलवारीशरीफ, अजित। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के सबजपुरा-खगौल लख के पास शुक्रवार को एक महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए गले से लॉकेट छीनकर भाग रहे बदमाश को दौड़ाकर पकड़ लिया. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी की जमकर पिटाई की गई और उसे डायल-112 पुलिस के हवाले कर दिया गया. पीड़िता की शिकायत पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

पीड़िता संयुक्ता कुमारी (30 वर्ष), पति राकेश यादव, मूल रूप से बेगूसराय की रहने वाली हैं. उन्होंने बताया कि वह नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं और अपनी सहेली के घर सबजपुरा आई हुई थीं. नर्सिंग कोर्स से संबंधित दस्तावेज में जन्मतिथि सुधार कराने के लिए वह पटना के राजा बाजार स्थित बीएनआर संस्थान गई थीं. वहां से लौटने के बाद वह अपनी सहेली के साथ पेठिया बाजार गई थीं।

संयुक्ता कुमारी ने बताया कि बाजार से लौटने के दौरान अचानक एक युवक उनके गले से लगभग 25 हजार रुपये मूल्य का सोने का लॉकेट छीनकर भागने लगा. घटना के बाद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाते हुए बदमाश का पीछा शुरू कर दिया।

Advertisements
Ad 1

महिला के अनुसार कुछ दूरी तक दौड़ने के बाद उन्होंने बदमाश को पकड़ लिया और जमीन पर पटक दिया. इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए. लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई. बरामद लॉकेट भी महिला को वापस दिलाया गया. बाद में संयुक्ता कुमारी ने फुलवारी शरीफ थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय लोगों ने महिला की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि अधिकांश लोग ऐसी स्थिति में घबरा जाते हैं, लेकिन संयुक्ता कुमारी ने साहस दिखाते हुए आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया. वहीं पुलिस मामले की जांच कर आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

Related posts

विक्रमशिला सेतु पर बने चार बेली ब्रिज कल होंगे जनता को समर्पित : ई. कुमार शैलेंद्र

बरबीघा अंचल कार्यालय में डीएम-एसपी का जनता दरबार, भूमि विवादों के जल्द निपटारे के निर्देश

लोजपा (रामविलास) ने अशरफ अंसारी को बनाया विधान परिषद चुनाव 2026 का प्रत्याशी

error: