बिहार

भीषण गर्मी और लू का कहर : जानीपुर बाजार व मौर्य विहार में दो लोगों की मौत!

फुलवारीशरीफ, अजित। पटना में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों की मौत हो गई. एक घटना जानीपुर बाजार में हुई, जबकि दूसरी फुलवारी शरीफ के मौर्य विहार कॉलोनी में सामने आई. दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हालांकि प्रथम दृष्टया पुलिस भी अत्यधिक गर्मी और लू को मौत का संभावित कारण मान रही है. वहीं अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पहली घटना जानीपुर थाना क्षेत्र के जानीपुर बाजार की है, जहां रोहित कुमार (36 वर्ष), पिता नागेंद्र कुमार, निवासी करबिगहिया, पटना अचानक सड़क पर मूर्छित होकर गिर पड़े. बताया जाता है कि वह अपने ननिहाल अदलापुर गांव आए हुए थे. दोपहर में जानीपुर बाजार पहुंचे थे, तभी तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच उनकी तबीयत बिगड़ गई. स्थानीय लोगों ने पानी के छींटे मारकर उन्हें होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो उन्हें तत्काल एम्स पटना भेजा गया. वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के मौर्य विहार कॉलोनी में हुई. यहां सबजपुरा निवासी पप्पू कुमार (45 वर्ष) अचानक राह चलते बेहोश होकर गिर पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब लोग उन्हें उठाने पहुंचे तो उनकी सांसें उखड़ रही थीं और हालत बेहद गंभीर थी. सूचना मिलने पर फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए एम्स भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया.

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. रोहित कुमार और पप्पू कुमार के परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं. परिजनों का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसी घटना कैसे हो गई।

Advertisements
Ad 1

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. हालांकि मौके की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया भीषण गर्मी और लू का प्रभाव माना जा रहा है।

इधर लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पिछले कई दिनों से पटना और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बुजुर्गों, मजदूरों और राहगीरों पर सबसे अधिक असर पड़ रहा है. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण लगातार लोग बीमार पड़ रहे हैं और अब मौत की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था, छायादार विश्राम केंद्र, मेडिकल सहायता शिविर तथा गर्मी से बचाव के लिए विशेष इंतजाम करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो लू और भीषण गर्मी का असर आने वाले दिनों में और घातक साबित हो सकता है।

Related posts

विक्रमशिला सेतु पर बने चार बेली ब्रिज कल होंगे जनता को समर्पित : ई. कुमार शैलेंद्र

बरबीघा अंचल कार्यालय में डीएम-एसपी का जनता दरबार, भूमि विवादों के जल्द निपटारे के निर्देश

लोजपा (रामविलास) ने अशरफ अंसारी को बनाया विधान परिषद चुनाव 2026 का प्रत्याशी

error: