पटना। बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव की तैयारियाँ तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को पटना स्थित होटल मौर्या में द प्लुरल्स पार्टी (दप्पा) की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने प्रेस वार्ता कर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने राज्य के दोनों प्रमुख गठबंधनों—एनडीए और महागठबंधन—से अपील की कि वे 50% टिकट महिलाओं को दें और महिला मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करें। पुष्पम ने कहा कि यदि पंचायत और नगर निकाय चुनावों में महिलाओं को 50% आरक्षण मिल सकता है, तो विधानसभा चुनाव में भी उन्हें समान भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वर्तमान एनडीए सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35% आरक्षण दिया है, इसलिए उन्हें पहल करते हुए महिला मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करना चाहिए।
“अब बिहार को चाहिए महिला मुख्यमंत्री”
पुष्पम प्रिया ने कहा, “बिहार में पिछले 77 वर्षों में 23 मुख्यमंत्री बने, लेकिन सिर्फ़ एक महिला मुख्यमंत्री बनी और वह भी विशेष परिस्थिति में। अब वक्त है कि बिहार की अगली मुख्यमंत्री एक महिला हो। चाहे वह किसी भी दल से हो, लेकिन महिला ही हो।” महागठबंधन की ‘माई-बहिन मान योजना’ पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री महिला होगी, तभी वह बेहतर निर्णय ले सकेगी कि महिलाओं को वास्तव में कितना ‘मान’ मिलना चाहिए। “2020 में सबसे ज्यादा महिलाओं को हमने दिया टिकट” उन्होंने दावा किया कि 2020 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने सबसे अधिक महिलाओं को टिकट दिया था।
एनडीए ने 37 (15%)
महागठबंधन ने 24 (10%)
द प्लुरल्स पार्टी ने 42 (28%) महिलाओं को टिकट दिया।
इस बार पार्टी ने कम-से-कम 122 महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है, जो देश के चुनावी इतिहास में एक नया रिकॉर्ड होगा।
243 सीटों पर लड़ेंगी चुनाव, ‘सीटी’ बना चुनाव चिह्न
प्रेस वार्ता में पुष्पम प्रिया ने बताया कि पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और इसके लिए “सीटी” चुनाव चिह्न मिला है। उन्होंने कहा, “यह कोई आम सीटी नहीं है, बल्कि विकास की सीटी है—कल-कारख़ानों, स्कूल-कॉलेज, खेल के मैदान, सख्त कानून, भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम और एक विजयी बिहार की सीटी है।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि सत्ता में आने पर हर जिले में 5000 एकड़ का स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन स्थापित किया जाएगा और पूरे बिहार में बड़े पैमाने पर कल-कारख़ानों की स्थापना की जाएगी।
बूथ स्तर तक तैयार है पार्टी संगठन–
पार्टी महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री विशेष सचिव अनुपम कुमार सुमन ने बताया कि पार्टी ने अब तक 20000 बूथों पर संगठनात्मक काम पूरा कर लिया है और चुनाव तक 80000 बूथों तक पहुँचने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी 100 सीटों पर विशेष तैयारी कर रही है और आपराधिक छवि वाले किसी भी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य इस बार सिर्फ़ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि बिहार विधानसभा में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है। दप्पा का फोकस महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ विकास और रोजगार पर रहेगा।
