पटना(न्यूज़ क्राइम 24): गर्मी की छुट्टियों में स्वयंसेवी संस्था “प्रथम एडुकेशन फाउंडेशन” के बैनर तले पटना शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में स्वयंसेवक अपने मोहल्लों के बच्चों को “कमाल पद्धति” से खेल-खेल में भाषा एवं गणित के बुनियादी कौशल को सिखाने हेतु कक्षा संचालन कर रहे है। इस कैम्प में कक्षा चार से छः के ऐसे लक्षित बच्चों को शामिल किया गया है, जिन्हें सरल वाक्य सहजता से पढ़ने में परेशानी हो रही है। उन बच्चों के साथ खेल-खेल में छः प्रकार की गतिविधियाँ वार्म-अप, भाषा का खेल, कहानी, ध्वनि-चिन्ह, लेखन एवं गणित के खेल दो घंटे तक कराये जा रहे हैं। बच्चे कमाल विधि के तहत गतिविधियों को बड़े ही उत्साह के साथ भाषा एवं गणित के अधिगम को खेल-खेल में सीख रहें हैं। यह कैम्प अठारह जून तक बच्चों के साथ संचालित रहेंगे।
इस कैम्प में हाई स्कूल, कॉलेज, एन जी ओ, प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, बस्तियों के छात्र-छात्राएं , स्वयंसेवक व स्वयं सेविका सम्मिलित हैं। इसके लिए स्वयंसेवकों को” शिक्षा के बदले शिक्षा” कार्यक्रम के तहत डिजिटल रेडिनेश कोर्स दिये जा रहे हैं और कैम्प सम्पन्न होने के उपरांत इस कार्य में जुड़े स्वयंसेवकों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिए जायेंगे। इस कार्यक्रम के बेहतर संचालन में कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय , सुधांशु कुमार, स्नेहा रानी ,सुबोध कुमार एवं अन्य सदस्यों की अहम भूमिका है।
