पानीपत, धर्मवीर शर्मा : हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा आज रिसालू रोड पहुंचे, जहां उन्होंने नगर निगम की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत भी की और कहा कि सरकार का लक्ष्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके लंबे सार्वजनिक जीवन की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन का एक-एक क्षण देश की सेवा में लगाया है और आज उनके काम की चर्चा देश के हर वर्ग और हर बच्चे की जुबान पर है।
महिपाल ढांडा ने कहा कि गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी ने वहां विकास का ऐसा मॉडल तैयार किया, जिसकी देशभर में चर्चा हुई। इसके बाद देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में मौका दिया और उन्होंने भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। देश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।इस मौके पर युवा नेता का जन्मदिन भी मनाया गया। कार्यक्रम में नगर निगम की मेयर कोमल सैनी और वार्ड पार्षद बिट्टू प्रजापत सहित स्थानीय कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। विकास कार्यों के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों ने भी खुशी जताई।
