बिहार

फुलवारी शरीफ के गोणपुरा चंवर में अधेड़ महिला का शव मिला, लू और ब्रेन स्ट्रोक से मौत की आशंका

फुलवारी शरीफ, (न्यूज़ क्राइम 24) फुलवारी शरीफ के गोणपुरा, सोरंगपुर और हसनपुरा चंवर के बीच स्थित खेतों में शनिवार की दोपहर एक अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. महिला की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है. प्रथम दृष्टया उसकी मौत लू लगने और ब्रेन स्ट्रोक से होने की आशंका जताई जा रही है.

ग्रामीणों के अनुसार, महिला खेतों के रास्ते एक गांव से दूसरे गांव जा रही थी. दोपहर की तेज धूप में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. संभवतः गर्मी और धूप के कारण उसे ब्रेन स्ट्रोक और लू लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. कुछ समय बाद गांववालों की नजर महिला के शव पर पड़ी. उसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया.

स्थानीय लोगों ने पहचान की कोशिश की लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी. इसके बाद फुलवारी शरीफ थाना को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल जानी पुर थाना क्षेत्र में आता है, जिसके बाद फुलवारी थाना ने जानी पुर थाना को सूचना दी.

जानी पुर थाना अध्यक्ष बलवीर कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 60 वर्ष है. अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया गया है. पुलिस आसपास के गांवों में पहचान के प्रयास कर रही है.

गर्मी और हीट स्ट्रोक के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को चाहिए कि लोगों को सतर्क करने के लिए अभियान चलाएं और दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज की सलाह दें.

Related posts

कुपोषित बच्चों को स्वस्थ्य और सुरक्षित बनाकर घर वापस भेज रहा पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), पूर्णिया

छठ घाटों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ ससमय पूरी करें : जिलाधिकारी

एटीएम का ताला तोड़कर तीन बैट्री चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार!