फुलवारीशरीफ, अजित। पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के सोरंगपुर मंदिर के पास गली में हुई चाकूबाजी व लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. हालांकि इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने से मामला और गंभीर हो गया है।
रामकृष्णानगर थाना अध्यक्ष राजीव कुमार के अनुसार, दिनांक 20.03.26 को सूचना मिली कि सोरंगपुर के पास पांच अपराधियों ने तीन लोगों को निशाना बनाते हुए एक युवक के सीने में चाकू मार दिया और अन्य दो के साथ मारपीट कर उनसे मोबाइल और रुपये लूट लिए. घायल युवक को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 21.03.26 को उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान शब्बू कुमार उर्फ शहिल कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. रामकृष्णानगर थाना कांड संख्या 285/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के अंदर सभी पांचों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों में सौरभ सिंह, विशाल कुमार, लक्की कुमार, संतोष कुमार और राहुल कुमार शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से लूटे गए 5200 रुपये (खून लगे हुए), घटना में प्रयुक्त टाइगर चाकू, दो महंगे एंड्रायड मोबाइल फोन तथा खून से सना टी-शर्ट बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, सौरभ सिंह और राहुल कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें कई संगीन मामलों में उनकी संलिप्तता सामने आ चुकी है. बरामद मोबाइल फोन की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने किया, जिनके साथ पु०अ०नि० राजेश कुमार ठाकुर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की जा रही है।
