हरियाणा, धर्मवीर शर्मा : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सोनीपत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 15 अगस्त को होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और समारोहों को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और आयोजन स्थलों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है।स्वतंत्रता दिवस के दौरान समारोह स्थलों की ओर जाने वाले कुछ मार्गों पर यातायात का रूट डायवर्जन किया जा सकता है। ऐसे में पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अनावश्यक रूप से कार्यक्रम स्थलों के आसपास वाहन लेकर न जाएं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और अन्य संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर भी पुलिस की विशेष नजर है। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच की जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।पुलिस ने लोगों को विशेष रूप से हिदायत दी है कि किसी भी लावारिस वस्तु को हाथ न लगाएं और उसके बारे में तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके साथ ही अफवाहों से बचने और बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की गई है। सोनीपत पुलिस ने आमजन से स्वतंत्रता दिवस के दौरान पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।
पुलिस का संदेश साफ है कि आमजन की सजगता और सहयोग से ही स्वतंत्रता दिवस को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और गौरवपूर्ण तरीके से मनाया जा सकता है।
