पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) जिलान्तर्गत रघुनाथपुर एवं तुरकौलिया थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के सेवन से मौत का सिलसिला जारी है। यह घटना तीन दिन पहले घटित हुई थी और पहले दिन दो युवकों की मौत की खबर प्रसारित हुई थी। किन्तु, आज दिनांक 04 अप्रैल, 2026 को प्रशासन की सूची के अनुसार मृतकों की संख्या-07 बताई जाती है। किन्तु, राष्ट्रीय जनता दल, बिहार के मुख्यालय को मिली सूचना के अनुसार आज मतकों की संख्या बढ़कर 09 तक पहुंच गई है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि बिहार के हर कोने में जन-जन तक इस शराबबंदी को लेकर कई तरह की भ्रांतियां है। यही कारण है कि इस शराबबंदी की पांच विनाशकारी उपलब्धियां हैं।
प्रथम – जहरीली शराब का गैर कानूनी उत्पादन, द्वितीय – राज्य के बाहर से शराब की थोक में तस्करी, तृतीय – शराब का ऐसे काले गोरख धंधा करने वाले गिरोहों का एक जबरदस्त नेटवर्क बनना, चतुर्थ – पुलिस और प्रशासन का ऐसे गिरोहों के नेटवर्क का हर स्तर पर शासकीय नेताओं के साथ गठजोड़ होना तथा पुलिस और प्रशासन का शराब के ऐसे काले गोरखधंधा करने वाले को संरक्षण देना एवं सबों की इस मिलीभगत से शराबबंदी की काली कमाई से एक समानांतर अर्थव्यवस्था का रूप ले लिया है। ये सारी चीजें शराबबंदी की कोख से निकली है, जिसने इस राज्य को तबाह और बर्बाद एवं सामाजिक जीवन को प्रदूषित कर तनावपूर्ण बना दिया है। आश्चर्य की बात है कि विगत वर्षों से ऐसी जहरीली शराब का निर्माण भी इस प्रदेश में धड़ल्ले से चलता रहा है तथा इसका सेवन के पश्चात प्रदेश को हिला देने वाली मौत के ताण्डव नृत्य होते रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) का उक्त वर्णित काण्ड है। बताया जाता है कि 2023 के अप्रैल माह में भी इसी दोनों थानान्तर्गत ऐसा ही जहरीली शराब कांड हुआ था, जिसमें जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की जाने गई थीं। बावजूद इसके शासन और प्रशासन की लापरवाही के चलते पुनः इसकी उसी स्थान पर इस जहरीली शराब काण्ड की पुनर्रावृति हुई है।
एजाज ने आगे बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने स्थलीय जांच कराने के लिए राष्ट्रीय जनता दल, बिहार के द्वारा सात सदस्यीय जांच कमिटी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री उदय नारायण चौधरी की अध्यक्षता में गठित की है। जिसमें श्री अलख निरंजन उर्फ बीनू यादव, राष्ट्रीय महासचिव, सदस्य, डाॅ० शमीम अहमद, माननीय पूर्व मंत्री, शशि भूषण सिंह पूर्व विधायक, सदस्य, लक्ष्मी नारायण यादव, माननीय पूर्व विधायक, सदस्य, राजेन्द्र राम, पूर्व विधायक, सदस्य, मनोज यादव, माननीय पूर्व विधायक सह जिलाध्यक्ष, मोतिहारी, सदस्य एजाज ने बताया कि गठित जांच कमिटी तत्काल इसकी स्थलीय जांच कर पूर्ण तथ्यों से तथा अब तक की गई कार्रवाई से संबंधित विषय वस्तु से राज्य कार्यालय को अपनी अनुशंसा के साथ एक जांच प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध करायेगें।
