बिहार

कोटा में जेईई की तैयारी कर रही रानीगंज की छात्रा की संदिग्ध मौत, परिवार ने उठाए सवाल

अररिया, रंजीत ठाकुर। रानीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 16 स्थित पंजियार टोला की 17 वर्षीय छात्रा जया श्री की राजस्थान के कोटा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया। जया पिछले छह महीने से कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रही थी। उसने दसवीं की परीक्षा पास करने के बाद इंजीनियर बनने का सपना देखा था और इसी उद्देश्य से वह कोटा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। मृतका के पिता योगेश पंजियार ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे उनकी बेटी से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। जया ने पढ़ाई और क्लास की जानकारी देते हुए कहा था कि वह मेस में खाना खाने जा रही है और बाद में मां से बात करेगी।

Advertisements
Ad 1

रात करीब दस बजे तक जया का फोन नहीं आने पर परिजनों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसी बीच रात लगभग 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी फ्लाईओवर के नीचे गंभीर हालत में मिली है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। पिता के अनुसार अस्पताल से आए फोन पर जया ने करीब 30 सेकेंड तक उनसे बात की। उसने रोते हुए कहा, “पापा मुझे बचा लीजिए, मैं मरने वाली हूं। मेरे शरीर में बहुत दर्द हो रहा है।” इसके बाद फोन अस्पताल कर्मियों ने अपने पास ले लिया। रविवार सुबह परिजन कोटा जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें जया की मौत की सूचना मिली। इस खबर के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता योगेश पंजियार ने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी बेटी फ्लाईओवर के नीचे कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों की मांग है कि मामले की गहन जांच कर मौत के कारणों का खुलासा किया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Related posts

पटना में इस्कॉन मंदिर में धूमधाम से मनाई गई देव पूर्णिमा, सहस्र जल से हुआ महाप्रभु का महाभिषेक

बिहार : 2 जुलाई को मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो का लोकार्पण, CM सम्राट चौधरी

मणिअप्पा पंचायत बनी जनभागीदारी आधारित ग्रामीण विकास की मिसाल

error: