बिहार

प्रधानमंत्री ने किया बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) माननीय प्रधानमंत्री द्वारा बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया गया तथा जीविका निधि में 105 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। इस कदम से राज्य में कार्यरत 11 लाख से अधिक समूहों से जुड़ी 1 करोड़ 40 लाख से अधिक जीविका दीदियों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटना समाहरणालय से माननीय राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह, जिलाधिकारी पटना, उप विकास आयुक्त पटना सहित 464 जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं पटना के 23 प्रखंडों से 65 संकुल संघों के 390 स्थानों से 83,523 से अधिक जीविका दीदियों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी पटना ने कहा कि सरकार के इस कार्यक्रम से पटना जिला के 43,264 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 5,09,894 जीविका दीदियों की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में 50% आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों का गठन-जीविका क्रियान्वयन तथा पूर्ण मद्य निषेध जैसे कदमों ने महिलाओं की स्थिति में क्रांतिकारी सुधार लाया है।

जिलाधिकारी ने हाल ही में स्वीकृत मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके अंतर्गत प्रत्येक घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने हेतु 10,000 रुपये की प्रथम किस्त दी जाएगी। सितंबर माह से यह राशि महिलाओं के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। रोजगार शुरू करने के छह माह बाद मूल्यांकन के उपरांत 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इन योजनाओं से महिलाएं न केवल अपने बच्चों और वृद्धजनों का बेहतर ख्याल रख पा रही हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विकास देखा जा रहा है। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना तथा बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड के तहत ऋण सुविधा से महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के प्रयासों को और अधिक बल मिलेगा।

Related posts

मानिकपुर में 52 किलो गांजा बरामद, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार

युवक का अपहरण, दो आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल डंडे बरामद!

मानिकपुर में नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, नवाबगंज का वारंटी भी गया जेल

error: