बिहार

80 साल से अधिक बुजुर्गों को घर तक राशन पहुंचाने की तैयारी : मंत्री अशोक चौधरी

पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को घर तक राशन पहुंचाने की योजना पर काम तेज कर दिया है। मंगलवार को विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को पायलट परियोजना के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने कहा कि पायलट के परिणामों के आधार पर इस योजना को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। उन्होंने पदभार संभालने के दिन ही इसकी घोषणा की थी और अब इस पर तेजी से काम चल रहा है।

बैठक में मंत्री ने लाभुकों को समय पर, सही मात्रा और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर जोर दिया। खाद्यान्न आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले ट्रांसपोर्टरों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि समय पर राशन पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

दलहन खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सहकारिता विभाग से समन्वय बढ़ाने को कहा गया। साथ ही PPP मॉडल पर गोदाम निर्माण की संभावनाओं पर विचार करने का निर्देश दिया गया, ताकि भंडारण क्षमता मजबूत हो सके।

मंत्री ने नए राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ समय सीमा में पूरी करने और जन वितरण प्रणाली दुकानों के रिक्त पदों को जल्द भरने पर भी बल दिया।

बैठक में विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, विशेष सचिव उपेन्द्र कुमार, निदेशक विभूति रंजन चौधरी, राज्य खाद्य निगम के एमडी सुनील कुमार समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

ईंट निर्माताओं की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान, हरसंभव सहयोग देगा विभाग : डॉ. प्रमोद कुमार

पटना ट्रैफिक पुलिस में लाइन डे आयोजित, जवानों की समस्याओं और ड्यूटी की हुई समीक्षा

पश्चिमी पटना में पिपिंग सेरेमनी, नवपदोन्नत पुलिसकर्मियों को पहनाया गया बैच

error: