पटना, न्यूज क्राइम 24। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि पर्व त्योहार हमेशा जीवन में शुचिता लाने का संदेश देते हैं। दशहरा भी हमें न्याय और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है ।
श्री यादव ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस वर्ष भी दशहरा खास संदेश लेकर हमारे बीच आया और चला गया। दशहरा के उस खास संदेश को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हमारे सामने रखा है। दशहरा के खास संदेश को जीवन में उतारने के लिए पीएम मोदी ने देशवासियों को प्रेरित किया है। पीएम मोदी ने दशहरा के मंच से पूरे देश को आह्वान किया है कि जीवन में सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लें।
रावण का ये दहन सिर्फ पुतले का ही दहन नहीं हो, बल्कि यह दहन हर उस विकृति का हो, जिसके कारण समाज का आपसी सौहार्द बिगड़ता है। ये दहन उसका हो, जो जातिवाद और क्षेत्रवाद के नाम पर मां भारती को बांटने का प्रयास करते हैं। ये दहन हो उस विचार का है, जिसमें विकास की जगह, स्वार्थ निहित है। यह अवसर है अपने अंदर के अहंकार को भस्म करने का। श्री यादव ने कहा कि पीएम मोदी सही मायने में देश के अभिभावक होने के साथ साथ पथ-प्रदर्शक भी हैं।
