पटना, अजित। पटना के संपतचक प्रखंड में लंका कछुआरा पंचायत के वार्ड संख्या 15 में नाला निर्माण कार्य के दौरान भारी लापरवाही सामने आई है. पंचायत सचिव विजय कुमार और पंचायत तकनीकी सहायक रमण कुमार की देखरेख में कराए जा रहे नाला निर्माण के लिए जेसीबी से मिट्टी खुदाई के दौरान लगभग 30 फीट लंबी जल-नल योजना की मेन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके के दर्जनों घरों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिट्टी खुदाई का कार्य पीएचईडी विभाग को बिना किसी पूर्व सूचना दिए कराया गया. यदि विभाग को पहले जानकारी दी जाती तो मौके पर मौजूद रहकर सावधानीपूर्वक खुदाई कराई जाती और पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से बचाई जा सकती थी. पाइप लाइन टूटने के कारण आज से क्षेत्र में जलापूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई है।
पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से बबलू साव, अखिलेश राम, कुणाल कुमार, मनोज रजक, मोहित रजक, ललित राम, उपेन्द्र पासवान, विजय सिंह, गोभी सिंह, रमेश सिंह, राम आशीष सिंह, सुनील साहू, मुकेश साहू, शिवनाथ साहू, अशोक साहू, चंदन साहब, कालीचरण साहब, गौरी शंकर शाह, शाहिट द सहित अन्य कई लोगों के घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है. पानी नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानिय लोगों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा बिना किसी जानकारी के मनमानी और लापरवाही से खुदाई का काम कराया गया. यदि पहले सूचना दी जाती तो नल-जल योजना के पाइप को चिन्हित कर सुरक्षित तरीके से गड्ढा खुदवाया जाता, जिससे यह नुकसान नहीं होता. यह पूरी तरह जन समस्या है और इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पंप चालक जनक कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की सूचना विभाग को दे दी गई है. लोगों का सवाल है कि जल-नल योजना की मेन पाइप लाइन को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति कौन करेगा. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल की जाए और लापरवाह ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
