बिहार

फुलवारी शरीफ के जमीन कारोबारी गोलू हत्याकांड में परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव

फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ के करोड़ीचक गांव में जमीन कारोबारी गोलू कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव गुरुवार की देर रात मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने गोलू के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया. परिजनों ने सांसद से हत्याकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कराने की मांग की।

मृतक गोलू कुमार के बड़े भाई महेश कुमार ने सांसद पप्पू यादव को बताया कि गोलू तीन भाइयों में सबसे छोटा था. महेश कुमार पेंट और पॉलिश का काम करते हैं, जबकि मंझले भाई रमेश कुमार ट्रैक्टर चलाते हैं. सबसे छोटा भाई गोलू कुमार छोटी-मोटी जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था. परिवार के पिता परमानंद यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

महेश कुमार ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करता है. उन्होंने आरोप लगाया कि गोलू को उसके दोस्तों ने ही घर से बुलाया था और उन्हीं लोगों द्वारा उसकी हत्या की गई है. हालांकि, परिजनों ने किसी दोस्त का नाम नहीं बताया है।

परिजनों ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया था, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद मोबाइल किसका है. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच में तेजी लाने और मोबाइल से जुड़े तथ्यों का जल्द खुलासा करने की मांग की।

परिवार के लोगों ने सांसद पप्पू यादव से शिकायत की कि हत्याकांड के संबंध में जानकारी लेने के लिए जब वे थाना पहुंचते हैं तो उन्हें सिर्फ यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि जांच जारी है. परिजनों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग दोहराई।

बताया जाता है कि 17 अगस्त की देर रात गोलू कुमार को घर से कुछ दूरी पर बुलाया गया था. इसके बाद शराब पार्टी के दौरान गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद गोलू के बड़े भाई महेश कुमार ने फुलवारी शरीफ थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था।

पुलिस इस हत्याकांड की कई एंगल से जांच कर रही है. जमीन विवाद, पैसे के लेनदेन और प्रेम प्रसंग सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस ने कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है. पुलिस का दावा है कि मामले में कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी।

जन्मदिन से तीन दिन पहले गोलू की हत्या, नए कपड़े सिलवाने वाले दर्जी विक्की को पुलिस ने उठाया-

करोड़ीचक गांव के जमीन कारोबारी गोलू कुमार की हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने सांसद पप्पू यादव से शिकायत की है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस हत्याकांड की जांच के नाम पर गांव के कई युवकों को उठाकर थाना ले गई है और बेवजह परेशान किया जा रहा है. इसी दौरान ग्रामीणों ने विक्की नाम के एक युवक का मामला भी सांसद के सामने रखा।

परिजनों ने बताया कि गोलू कुमार का जन्मदिन 21 अगस्त को था, लेकिन जन्मदिन से तीन दिन पहले ही 18 अगस्त की रात उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. जन्मदिन के लिए गोलू ने नए कपड़े सिलवाने को अपने ही गांव के रहने वाले विक्की को कपड़ा दिया था, जो राजा बाजार में दर्जी का काम करता है।

विक्की के परिजनों के अनुसार, उसने कपड़ा तैयार होने के बाद गोलू को फोन कर बताया था कि जन्मदिन के लिए कपड़े तैयार हो गए हैं. इस पर गोलू ने उससे कपड़ा लेकर गांव आने को कहा था. विक्की गांव पहुंचा और गोलू को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया. बाद में अगले दिन सुबह उसे गोलू की हत्या की जानकारी मिली।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने विक्की को पकड़कर थाना में रखा हुआ है. उनके अनुसार, विक्की का हत्या से कोई संबंध नहीं है और वह केवल गोलू के जन्मदिन के लिए कपड़े सिल रहा था. परिवार ने बताया कि पुलिस ने विक्की के साथ आयुष नाम के एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है।

ग्रामीणों ने सांसद पप्पू यादव से आरोप लगाया कि पुलिस जांच के नाम पर गांव के कई लड़कों को उठा रही है और कुछ को थाना में प्रताड़ित भी किया जा रहा है. ग्रामीणों ने हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ ही निर्दोष लोगों को परेशान नहीं करने की मांग की। सांसद पप्पू यादव ने ग्रामीणों की शिकायत सुनी और मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए, लेकिन जांच के दौरान किसी निर्दोष व्यक्ति को बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

Related posts

बिहार पुलिस अकादमी में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित

“आवसम हर” कार्यक्रम से किशोरी स्वास्थ्य को मिलेगी मजबूती

स्टार्टअप के लिए पटना में तैयार हो रहा नया इकोसिस्टम

error: