पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) स्वयंसेवी संस्था प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम के तहत चल रही शिक्षण कक्षाओं का अनुश्रवण कांतर एशिया फाउंडेशन के हेड ऑफ सीएसआर द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी बालिकाओं के साथ सीधा संवाद कर उनके शैक्षणिक अनुभव, सीखने की प्रगति तथा शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों और अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
अनुश्रवण के क्रम में टीम ने शरिफा गंज बस्ती का भी भ्रमण किया, जहां बालिकाओं के अभिभावकों से मुलाकात कर शिक्षा में उनकी भूमिका एवं सहभागिता का आकलन किया गया। अधिकारियों ने अभिभावकों को बालिका शिक्षा के सामाजिक एवं आर्थिक महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें बेटियों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जे-पाल साउथ एशिया की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शोभनी मुखर्जी, सीनियर रिसर्च एसोसिएट एलेन मैथ्यू, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के क्षेत्रीय समन्वयक संजय कुमार एवं राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों ने बालिकाओं के सीखने के उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम शिक्षा से वंचित किशोरियों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
