बिहार

भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त फ्लैग मार्च, सुरक्षा एवं तस्करी रोकने पर विशेष जोर

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रविवार को बसमतिया क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बिहार पुलिस और नेपाल पुलिस द्वारा संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च बसमतिया थाना अध्यक्ष सुनील कुमार एवं एसएसबी के प्रभारी निरीक्षक रंजीत महंतो के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान नेपाल पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। फ्लैग मार्च अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा, जहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

संयुक्त अभियान के दौरान दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों के बीच सीमा सुरक्षा, अवैध तस्करी, संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा आपसी समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल की खुली सीमा को देखते हुए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल अत्यंत आवश्यक है। इसी समन्वय के माध्यम से तस्करी, अपराध एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

फ्लैग मार्च के दौरान प्रभारी निरीक्षक रंजीत महंतो ने सीमावर्ती ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा बलों को देने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
इस अवसर पर भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों ने आपसी सहयोग, मित्रता एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा सीमा की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

Related posts

हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय रोशनी की मदद को फिर आगे आए समाजसेवी राजेश, इलाज के लिए दोबारा बढ़ाया सहयोग का हाथ

श्याम रजक की पत्नी स्वर्गीय अलका रजक की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, कैंसर रोगियों के इलाज के लिए किया गया रक्तदान

डायरिया से डरने नहीं सतर्क रहने की जरूरत : ब्रिगेडियर डॉ. राजू अग्रवाल

error: