पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बाईपास थाना क्षेत्र में पटना पुलिस ने अवैध विदेशी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने टेंट सिटी रोड स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर करीब 2,365.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को सूचना मिली थी कि टेंट सिटी रोड स्थित एक गोदाम में अवैध विदेशी शराब रखी गई है और उसे दो पिकअप वाहनों पर लोड किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना सिटी-02 एवं बाईपास थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान 266 कार्टून में लगभग 2,365.20 लीटर विदेशी शराब, दो पिकअप वाहन और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मामले में संलिप्त तीन अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार किया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई एवं अनुसंधान किया जा रहा है। इस कार्रवाई के संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलजा ने पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी।
