बिहार

भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, एसएसबी-बिहार पुलिस का संयुक्त फ्लैग मार्च

अररिया, रंजीत ठाकुर। नेपाल के सुनसरी जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत फुलकाहा थाना क्षेत्र से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) एवं फुलकाहा थाना पुलिस संयुक्त रूप से लगातार फ्लैग मार्च कर रही है। सीमावर्ती गांव कोशिकापुर, मानिकपुर और पथराहा सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

जिला प्रशासन ने सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला पदाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कमांडिंग ऑफिसर नितिन गुप्ता सीमा पर होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। इधर फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य भी पुलिस बल के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीमा पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं।

सीमा की सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की एक अतिरिक्त कंपनी भी तैनात की गई है। सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त गश्त, फ्लैग मार्च एवं सघन जांच अभियान चला रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या एसएसबी को दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। एसएसबी के कमांडिंग ऑफिसर नितिन गुप्ता ने कहा, “सीमा पर जवानों की गश्त बढ़ा दी गई है। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। सीमा पर होने वाली हर गतिविधि पर जवानों की पैनी नजर बनी हुई है। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बारीकी से जांच की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Related posts

हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में टेका मत्था, गुरु महाराज का लिया आशीर्वाद

बिहार : सीएम सम्राट चौधरी ने सुल्तानगंज में किया श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ

‘बिहार गति’ को रफ्तार दें : सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

error: