पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले भक्तों के लिए स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं। अब मंदिर परिसर में अचानक तबीयत बिगड़ने या चोट लगने की स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सकेगा।
श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव एवं बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य सायण कुणाल ने बताया कि मंदिर परिसर में प्राथमिक उपचार केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां अचानक बीमार पड़ने, गिरने या बेहोश होने वाले श्रद्धालुओं की बीपी, शुगर और पल्स रेट जैसी जरूरी जांच की व्यवस्था की गई है। साथ ही आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
मंदिर परिसर में विशेषज्ञ नर्स और कंपाउंडर की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके। यदि किसी भक्त की स्थिति गंभीर होती है और अस्पताल ले जाने की आवश्यकता पड़ती है, तो उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है। सायण कुणाल ने कहा कि मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में अचानक किसी की तबीयत खराब होने या चोट लगने पर उसे इलाज के लिए भटकना न पड़े, इसी उद्देश्य से प्राथमिक उपचार केंद्र की सुविधा बहाल की गई है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है।
