फुलवारीशरीफ, अजीत। डॉ. शमीम अहमद को आइडियल होम्योपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन बिहार राज्य शाखा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है. पटना के लोकनायक भवन में आयोजित संगठन के प्रथम राज्य सम्मेलन में बिहार शाखा के पदाधिकारियों के चुनाव की घोषणा की गई. सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. सुरेश प्रसाद ने की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. शमीम अहमद ने बताया कि सम्मेलन में सर्वसम्मति से बिहार राज्य शाखा की नई कमेटी का गठन किया गया. इसमें डॉ. अमरेंद्र कुमार एवं डॉ. उमेश प्रसाद को उपाध्यक्ष, डॉ. नरेंद्र शर्मा को महासचिव, डॉ. सचिन कुमार एवं डॉ. शैलेंद्र लाल दास को सहायक सचिव तथा डॉ. शशि भूषण कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राम अयोध्या ठाकुर ने पर्यवेक्षक के रूप में भाग लिया. उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करते हुए नवगठित बिहार राज्य शाखा के पदाधिकारियों को स्वीकृति प्रदान की।
डॉ. शमीम अहमद ने बताया कि सम्मेलन में होम्योपैथिक चिकित्सकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 10 सूत्री मांग पत्र भी सर्वसम्मति से पारित किया गया. इसमें बिहार के 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी होम्योपैथिक चिकित्सकों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य केंद्रों पर होम्योपैथिक चिकित्सकों की नियुक्ति की जानी चाहिए, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को होम्योपैथिक चिकित्सा की सुविधा मिल सके. इसके साथ ही पटना में राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना करने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बिहार में होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति को और मजबूत करने के लिए चिकित्सकों की नियुक्ति, चिकित्सा संस्थानों का विस्तार और वरिष्ठ चिकित्सकों के लिए सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था जरूरी है. सम्मेलन में इन मुद्दों को लेकर संगठन की ओर से आगे भी सरकार के समक्ष मांग रखने और चिकित्सकों को संगठित करने पर जोर दिया गया।
