बिहार

स्टार्टअप बिहार- मार्केट एक्सेस 2026 के तहत मासिक कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को उद्यमिता के गुर सिखाए

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) एल.एन. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज, पटना के स्टार्टअप सेल की ओर से “स्टार्टअप बिहार – मार्केट एक्सेस 2026” के अंतर्गत मासिक स्टार्टअप सेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्टार्टअप इकोसिस्टम, डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांड निर्माण और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों से अवगत कराना था। कार्यक्रम का संचालन स्टार्टअप सेल की फैकल्टी इंचार्ज डॉ. ऋतु नारायण के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर संस्थान के कुलसचिव सुधांशु शेखर की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में स्टार्टअप बिहार के स्टार्टअप कोऑर्डिनेटर ज्योतिष शंकर, डीआईसी प्रतिनिधि निशा, वर्कटाइम के एम.डी. अली, शुरूकर के अजहर, स्पार्कीफाई के मानस एवं उनकी टीम सहित सत्तुज (SATTUZ) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सत्तुज के प्रतिनिधि शाश्वत ने एक छोटे से विचार से बड़े कारोबार और टर्नओवर वाले स्टार्टअप तक के सफर को साझा करते हुए अपनी उद्यमशीलता की यात्रा से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप बिहार की नीतियों, उद्यमियों को मिलने वाली सहायता, डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांड निर्माण और डिजिटल टूल्स के व्यावहारिक उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। वहीं, प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और स्टार्टअप से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन डॉ. ऋतु नारायण के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों एवं स्टार्टअप जगत से जोड़ने के साथ-साथ उनमें उद्यमशीलता, डिजिटल कौशल और बाजार की समझ विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related posts

ब्लैकमेलिंग और कथित अवैध वसूली के आरोप में पत्रकार जेल भेजे गए

छठी मइया की प्रतिमा भ्रमण के दौरान शुरू हुआ विवाद, दूसरे दिन हिंसक संघर्ष में बदला

डेढ़ साल के डॉगी को ले जाते युवक-युवती सीसीटीवी में कैद