पानीपत, धर्मवीर शर्मा : DJ बजाने वालों के लिए पुलिस का साफ संदेश है गाना बजाओ, लोगों को नचाओ, लेकिन रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में DJ बजाकर नियम मत तोड़ जाओ! शादी हो या कोई दूसरा समारोह, अगर रात के सन्नाटे में DJ का शोर बढ़ाया तो कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।क्योंकि त्योहार के सीजन में दिन रात डीजे का शोर लोगो को परेशान करता है।
दरअसल, ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए पानीपत ट्रैफिक पुलिस ने शहर के करीब 300 DJ संचालकों को बुलाया और नियमों की जानकारी दी। पुलिस ने साफ किया कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के इस्तेमाल पर सामान्य रूप से प्रतिबंध है। शादी का कार्यक्रम होने का मतलब यह नहीं कि पूरी रात DJ बजाने की छूट मिल गई।
नियमों के मुताबिक, अलग-अलग क्षेत्रों में आवाज की सीमा भी तय है। आवासीय इलाके में रात के समय परिवेशीय ध्वनि की सीमा 45 डेसीबल है। वहीं, निर्धारित शर्तों के तहत कुछ विशेष आयोजनों में सीमित छूट का प्रावधान हो सकता है, लेकिन इसके लिए संबंधित अनुमति जरूरी है। बैठक में दीपक, आर्यन, साहिल, अवतार, विक्रम, गोपी और रिंकू सहित कई DJ संचालक मौजूद रहे। संचालकों ने पुलिस को नियमों का पालन करने का भरोसा भी दिया। अब DJ वाले बाबू को भी टाइम देखकर ही गाना बजाना होगा, क्योंकि रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में DJ बजाना महंगा पड़ सकता है।
