फुलवारीशरीफ, अजीत। संपतचक बाजार में महाकालेश्वर पंडाल के सामने संपतचक युवा मंडली की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन संपतचक नगर परिषद के अध्यक्ष अमित कुमार ने किया. माता के भक्ति गीतों और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में डुबोये रखा. कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में कलाकार सौरभ, रविंद्र, रावत सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर समां बांध दिया. ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ और ‘प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी’ जैसे माता के भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. गीत-संगीत की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आये. पूरा परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर संपतचक नगर परिषद के अध्यक्ष अमित कुमार नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय बंटू, पूजा समिति के उपाध्यक्ष राम कुमार यादव, कोषाध्यक्ष प्रकाश कुमार और सचिव अमलेश कुमार ने कलाकारों, पत्रकारों एवं अतिथियों का स्वागत किया. सभी को स्मृति चिह्न और माता की चुनरी देकर सम्मानित किया गया. आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिलता है. कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
