अररिया(रंजीत ठाकुर): देश में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन राष्ट्र के नाम समर्पित किया। वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने योजना से जुड़ी खासियतों की जानकारी दी। जिले के सभी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रधानमंत्री के उक्त कार्यक्रम का वेबकास्टिंग के जरिये सीधा प्रसारण का इंतजाम किया गया था। इस क्रम में सदर अस्पताल में स्थानीय सांसद प्रदीप कुमार सिंह, डीडीसी मनोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ एमपी गुप्ता, वीबीडीसीओ डॉ अजय कुमार सिंह, डीआईओ डॉ मोईज, डीपीएम रेहान अशरफ सहित दर्जनों स्वास्थ्य कर्मियों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री के संबोधन को गंभीरता पूर्वक सुना.
गंभीर बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण साबित होगा क्रिटिकल केयर यूनिट :
राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को स्वस्थ व सेहतमंद बनाये रखने के लिये किया गया निवेश सर्वात्तम निवेशों में से एक है। आजादी के बाद देश की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार व इसे सुविधा संपन्न बनाने पर ध्यान नहीं दिया गया। हेल्थ केयर सिस्टम की कमी ने गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों को परेशान किया है। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ एक सालों में गांव, ब्लॉक, जिला स्तर पर क्रिटिकल केयर यूनिट को सशक्त किया जायेगा। दुर्गम इलाके व ऐसे राज्य जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है उन पर ज्यादा ध्यान दिया जायेगा। हेल्थ मिशन के तीन महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गांव व शहरों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जा रहे हैं। जहां शुरुआती दौर में रोग के पहचान की सुविधा होगी। इन सेंटरों पर फ्री मेडिकल कंस्लटेशन, फ्री ट्रेस, फ्री दवा की सुविधा मिलेगी। समय पर बीमारी का पता चलने पर बीमारी के गंभीर होने का खतरा कम होगा। बीमारियों के इलाज के लिये 600 जिलों में क्रिटिकल केयर से जुड़े 35000 बेड तैयार किये जायेंगे। सवा सौ जिले में रेफरल की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में कोरोना जैसी किसी दूसरी वैश्विक महामारी से सख्ती पूर्वक मुकाबला के लिये स्वास्थ्य सुविधा व जरूरी संसाधनों का विकास योजना का मुख्य उद्देश्य होगा.
पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विकास :
कार्यक्रम के समापन के पश्चात स्थानीय सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार व बेहतर बनाने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। जो जमीनी स्तर पर भी दिखने लगा है। जिले में ऑक्सीजन प्लांट, ब्लड बैंक, आरटीपीसीआर लैब सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता उनके इन्हीं प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन इसकी एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होने वाली है। देश के सर्वांगीण विकास के लिये पीएम मोदी द्वारा किये जा रहे प्रयासों को उन्होंने सराहा।
