खुसरूपुर, सुधांशु पांडे : अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ खुसरूपुर थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजा और अवैध देशी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई प्रखंड के केलवारिया गांव में की गई, जहां पुलिस ने 1 किलो 250 ग्राम गांजा के पैकेट के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान अनूप कुमार, पिता राजदेव प्रसाद, निवासी मलिकपुर, थाना राघोपुर के रूप में बताई गई है। पुलिस ने गांजा बरामद करने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।
वहीं, दूसरी कार्रवाई बीती रात खुसरूपुर बास टाल चौराहा के समीप की गई। यहां पुलिस ने अवैध देशी शराब की खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके पास से करीब 200 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कारू मांझी, पिता किशुनधारी मांझी, निवासी मुसहर टोली, बास टाल चौराहा, खुसरूपुर के रूप में हुई है।पुलिस दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
गौरतलब है कि खुसरूपुर थाना पुलिस की ओर से इन दिनों लगातार अवैध गांजा और शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कस रही है। फिलहाल पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। संदेश साफ है—खुसरूपुर में नशे का अवैध कारोबार करने वालों की अब खैर नहीं।
