हाजीपुर, (न्यूज़ क्राइम 24) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान ने बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री जीवेश कुमार को एक पत्र लिखकर हाजीपुर नगर और उसके आसपास की जर्जर सड़कों एवं जलजमाव की गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।
अपने पत्र में श्री चिराग पासवान ने लिखा है कि हाजीपुर शहर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। बरसात के मौसम में यह समस्या और भी भयावह रूप ले सकती है, जिससे गड्ढों और जलजमाव के कारण आमजन को भारी परेशानी और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह समस्या विद्यालय जाने वाले बच्चों, मरीजों और व्यवसायिक गतिविधियों को भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित कर रही है। ऐसे में यह आवश्यक है कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
चिराग पासवान ने यह भी आग्रह किया है कि नगर परिषद और अन्य संबंधित एजेंसियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि हाजीपुर बिहार के प्रमुख नगरों में शामिल है, और इसकी आधारभूत संरचना की उपेक्षा किसी भी रूप में उचित नहीं है। पत्र के अंत में चिराग ने मंत्री जीवेश कुमार से इस मुद्दे पर शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा जताई है।
